Tuesday, 31 December 2024

सामाजिक अध्ययन की कक्षा और मानचित्र का उपयोग

मानचित्र सामाजिक अध्ययन शिक्षण में उपयोग किया जाने वाला सर्व प्रमुख शिक्षण सहायक सामग्री है। कक्षा छठवीं, सातवीं, आठवीं के सामाजिक विज्ञान पाठ्यपुस्तक का शायद ही कोई ऐसा अध्याय हो, जिसका प्रत्यक्ष जुड़ाव मानचित्र से न हो। ऐसा इसलिए कि ये मानचित्र सामाजिक अध्ययन को न केवल रुचिकर बनाते हैं बल्कि तथ्यों को समझने में, उसे स्थायित्व प्रदान करने में हमारे मन मस्तिष्क की मदद भी करते हैं। उदाहरण के लिए यदि आप बच्चे को समझाएँ कि ‘पुर्तगाली नाविक वास्कोडिगामा उत्तमाशा अंतरीप होते हुए 1498 ईस्वी में हिंदुस्तान के कालीकट बंदरगाह पर पहुंचा’। यह तथ्य आपके मन-मस्तिष्क में 5 से 10 साल रह सकता है। बाद में इसके धूमिल हो जाने की पूरी संभावना है। लेकिन इसी तथ्य को यदि मानचित्र की सहायता से बच्चों को बताया जाए तो इसके मन मस्तिष्क में दीर्घकाल तक बने रहने की पूरी संभावना होती है। क्योंकि इस तथ्य को बच्चे ने देखते हुए अर्जित किया।

मानचित्र पृथ्वी के किसी भूभाग की पैमाने से मापकर बनाई गई चित्र होती है। भूगोलविद उस भूभाग के मानचित्र को इस तरह से बनाते हैं जैसे उस भू-भाग को ऊपर आसमान से देखा जा रहा है। बच्चे सामान्यतः इस तथ्य से अवगत नहीं होते हैं। हममें से अधिकांश शिक्षकों की भी स्थिति ऐसी ही होती है। क्योंकि ऐसे तथ्यों से हम अपने विद्यार्थी जीवन में परिचित हो ही नहीं पाए, किसी प्रशिक्षण में भी शायद ही बताई जाती हो। ऐसे में हमारा दायित्व बनता है कि छात्र जीवन में हमें मानचित्र अध्ययन करने में जो चुनौतियां आईं, हमारे बच्चों को उन चुनौतियों का सामना न करना पड़े। मानचित्र अध्ययन के दौरान बच्चों को सबसे ज्यादा समस्या उस मानचित्र में उसके दिशा निर्धारण में होती है। अक्सर दिशाओं को समझने में वे भ्रमित हो जाते हैं। वे भ्रमित न हों इसके लिए हम कुछ बातों का ध्यान रख सकते हैं-  

·       उच्च-प्राथमिक शालाओं के प्रत्येक कक्षा (छठवीं, सातवीं, आठवीं) में पाठ्यपुस्तकों के विषयवस्तु अनूरूप भौतिक (Physical), राजनीतिक (Political) एवं कुछ थीमैटिक (Thematic) मानचित्र अनिवार्य रूप से होने ही चाहिए। ताकि सालों भर मानचित्र से बच्चों का सामना होता रहे। लगातार उन मानचित्रों को पढ़ने हेतु (शुरुआत में दिशा निर्धारण) मार्गदर्शित करते रहें।

·       कक्षा में जब मानचित्र पर कार्य करने की शुरुआत कर रहे हों तो बच्चों को मानचित्र दीवार पर कील के सहारे लटका कर नहीं, बल्कि कक्षा के फर्श पर फैला कर बताएं। कुछ दिन इस तरीके से काम करने के बाद बच्चे यह समझ बना पाएंगे कि दीवार पर टंगी मानचित्र की स्थिति ऐसी होती हैं जैसे उसे आसमान से देखा जा रहा हो।

·        यदि संभव हो तो थ्री आयामी मानचित्र का उपयोग करें। इससे बच्चो को पर्वत, पठार, मैदान, नदियों के बहाव की दिशा (पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण) आदि को समझने में बच्चों को सुविधा होगी।

 

अध्ययन हेतु प्रयुक्त ग्रंथ/पत्र/पत्रिकाएं

·       शैक्षणिक संदर्भ, वर्ष 17, अंक 98 (मूल क्रमांक 155) नवंबर-दिसंबर 2024  

Monday, 30 December 2024

इतिहासकार जीवाश्म की सहायता से पृथ्वी पर किसी के जीवन का इतिहास का पता कैसे लगाते हैं?

जीवाश्म से तात्पर्य है इतिहास के किसी काल खंड में मौजूद रहे किसी भी जीव जंतु के अवशेष। यह अवशेष उनकी हड्डी, अंडे से लेकर उनके मल तक हो सकते हैं। इसका अध्ययन ‘पैलियॉनटोलॉजी’ कहलाता है।

जीवाश्म विज्ञानी इन जीवाश्मों का अवलोकन, अध्ययन कर उनसे संबंधित विभिन्न प्रकार के जानकारियों जैसे उनके शारीरिक संरचना, खाने (शाकाहारी या मांसाहारी), उम्र, वजन, उनके व्यवहार, को संकलित करते हैं। इतिहासकार कई जीवाश्मों के अध्ययन से प्राप्त इन तथ्यों का उपयोग कर, उसकी व्याख्या कर उस करोड़ों साल पूर्व विलुप्त हो चुके जीव-जंतु के इतिहास का पता लगाते हैं। जीवाश्म विज्ञानी वर्तमान में बैक्टीरिया से लेकर डायनासोर जैसे विशाल जीव जंतुओं के जीवाश्मों का पता लगा चुके हैं। इन जीवाश्मों का यदि हम गहराई से अवलोकन करें तो हम पाते हैं कि केवल उन्हीं जीव जंतुओं के जीवाश्म मिलते हैं जिनकी हड्डियाँ या अन्य शारीरिक अंग जैसे खोपड़ी मजबूत थी। 

Sunday, 29 December 2024

धर्मांतरण (Religious Conversion) रोकने हेतु उपयुक्त उपाय

 धर्मांतरण हमारे देश में धार्मिक विवाद का एक प्रमुख कारण है। इस कार्य को ईसाई मिशनरी प्रमुखता से अंजाम देते रहे हैं विशेष रूप से ब्रिटिश काल से। इन ईसाई मिशनरियों के मुख्य target होते हैं तथाकथित हिंदू समाज के तथाकथित दलित और आदिवासी जनता। तरह तरह के प्रलोभन देकर वे भोली भाली जनता को ईसाई धर्म में धर्मांतरण करते हैं। अपने धर्म की ओर लोगों को आकर्षित करने के लिए हमारे देश के ऐसे क्षेत्र जहाँ बुनियादी सुविधाएं जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य आदि नहीं पहुँच पाए हैं, में उपलब्ध कराकर खुद को उनके लिए सरकार से बेहतर साबित कर अपने धर्म की ओर लाने का प्रयास करते हैं।

अधिकांश धर्मांतरित करने वाले व्यक्ति की गणना हिंदू वर्णव्यवस्था के अंतर्गत शुद्र या अस्पृश्य जातियों, जनजातियों में की जाती है। डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा जीवन के अंतिम पड़ाव में बौद्ध धर्म अपना लेने के बाद से अस्पृश्य जातियों से संबंधित उनके अनुयायी प्रति वर्ष नागपुर में बौद्ध धर्म भी अपना कर बौद्ध धर्मावलंबियों की संख्या लगातार बढ़ा रहे हैं। हिंदू कट्टरपंथियों को यह धर्मांतरण फूटी आंख नहीं सुहाती है। विशेष रूप से ईसाई मिशनरियों द्वारा धर्मांतरण। झारखंड, उड़ीसा, छत्तीसगढ़ आदि में जैसे ही इन्हें खबर मिलती है, ये पहुँच जाते हैं, उस धर्मान्तरित व्यक्ति के शुद्धिकरण के लिए।

आखिर कारण क्या है इस धर्मांतरण का? और अधिकांश धर्मांतरण तथाकथित हिंदुओं के ही क्यों होते हैं? क्या तथाकथित हिंदू बहुसंख्यक हैं, इसलिए हिंदू धर्मांतरण की ही खबरें हमें मिल पाती हैं? कोई मुस्लिम व्यक्ति के ईसाई बनने के उदाहरण देखने को मिलते हैं क्या? उत्तर है संभवतः नहीं। अपवाद स्वरूप कुछ उदाहरण हो सकते हैं। इतिहासकार इरफान हबीब मध्यकालीन भारत पर लिखे अपनी पुस्तक में बताते हैं कि दलित जातियों को मुस्लिम शासकों से मिले स्नेह के कारण वे स्वेच्छा से इस्लाम में धर्मांतरित हुए। कुछ हद तक ये बात तार्किक लगती है। संभवतः यही मुख्य कारण हैं लोगों के ईसाई धर्मांतरण के। जिन इलाकों में ईसाई धर्मांतरण अधिक हुआ है वहां से भी जातिगत भेदभाव व खराब आर्थिक स्थिति इस बात पर मुहर लगाते हैं। यही कारण है कि अपने सामाजिक-आर्थिक स्थिति से असंतुष्ट लोग धर्मांतरण का रास्ता अपनाते हैं। हालांकि ये चमत्कार से रोगी को ठीक करने के लिए शिविर आयोजित करते हैं, जो कि केवल एक पाखंड, झूठ होता है और कुछ नहीं।

वैसे तो भारतीय संविधान अपने नागरिको को अपनी पसंद के धर्म चुनने की आजादी देती है, लेकिन धर्मांतरण रोकने वाले लोग इन नियमों से अनजान होते हैं। यदि हिंदू धर्म के तथाकथित उच्च जातियों के लोग SC, ST के साथ जाति के नाम पर भेदभाव ऐसे ही करते रहे, जैसा भारतीय संविधान बनने के पूर्व करते रहे थे, तो धर्मांतरण रुकने से रहा। लोग चोरी छिपे आज या कल धर्मांतरण करेंगे ही, क्योंकि उन्हें लगता है कि जीस नए धर्म को ये लोग अपनाने जा रहे हैं, वह उन्हें समानता का अधिकार देता है। हालांकि यह बात एक मृग मरीचिका जैसी है। इस्लाम हों या ईसाई इन लोगों को मूल धर्म वाले अलग नजर से ही देखते हैं। तथाकथित हिंदू समाज के तथाकथित उच्च जाति के लोग इन सामाजिक रूप से पिछड़े लोगों को घृणा की नजर से यदि देखना बंद कर दें, धर्मांतरण रुक जाएगा। किसी को शुद्धिकरण की आवश्यकता भी नहीं रह जाएगी।

Saturday, 28 December 2024

भारतीय रेल में Bio-Toilet व्यवस्था कब लागू हुई?

 Facebook पर एक पार्टी क समर्थक के किए post पढ़ रहा था। जिसमें वे कह रहे थे कि '70 साल तक भारतीय रेल की पटरी पर टट्टी बहती रहती थी, *** सरकार ने इससे निजात दिलाया है'। थोड़ी देर के लिए मुझे ये सही लगी और अच्छी भी लगी। फिर थोड़ा doubt हुआ। google पर registered अलग-अलग websites से मदद लिया तो पता चला कि जिस bio - toilet के कारण भारतीय रेल की पटरी लगभग टट्टी मुक्त हुई है उसका सबसे पहला use ग्वालियर-वाराणसी बुंदेलखंड एक्सप्रेस में जनवरी 2011 में किया गया था। इस project की शुरुआत भारतीय रेल द्वारा 2009 में किया गया और 2011 में इसे क्रियान्वित कर लिया गया। दोनों ही कार्य यू पी ए (कॉंग्रेस पार्टी की बहुलता वाले) के कार्यकाल में सम्पन्न हुए।

CAG की report में भी इसे पढ़ा जा सकता है।



Saturday, 23 November 2024

पुड्डुचेरी (Puducherry) : तीन राज्यों में फैला केंद्रशासित प्रदेश

महान भारतीय दार्शनिक अरविंद घोष की नगरी के नाम से प्रसिद्ध पुड्डुचेरी (20 सितंबर 2006 तक पांडिचेरी) हमारे देश भारत का एक ऐसा केंद्रशासित प्रदेश है जिसका विस्तार भारत के पूर्वी समुद्र तट (मलाबार तट) के साथ-साथ पश्चिमी तट (कोरोमंडल तट) पर भी है। इसे यूं कहें कि यह केंद्र शासित प्रदेश हमारे देश के तीन अलग-अलग राज्यों में विस्तृत है। इन अलग-अलग राज्यों में इसके भूभाग (संबंधित जिले) स्थित होने के कारण ही इसे केंद्रशासित प्रदेश का दर्जा दिया गया है।[i]

ऐसा क्यों?

दरअसल ब्रिटिश साम्राज्य से स्वतंत्र होने के पश्चात अलग-अलग भारतीय राज्यों की सीमा से लगे चार फ्रांसीसी बस्तियां (उपनिवेश) थी – पुड्डुचेरी एवं कराइकल (दोनों तमिलनाडु से सटी), यनम (आंध्र प्रदेश की सीमा से लगी) और माहे (केरल की सीमा से लगी)। हालांकि एक अन्य उपनिवेश पश्चिम बंगाल स्थित चंदननगर भी था जिसे जून 1949 ई. में जनमत संग्रह कराने के पश्चात मई 1950 ई. में फ्रांसीसी उसका विलय भारत में करने को तैयार होना पड़ा। लेकिन शेष 4 उपनिवेश फ्रांस छोड़ने को तैयार नहीं था। ऐसे में पुड्डुचेरी के फ्रांसीसी कपड़ा मिलों में भारतीय मजदूरों के शोषण के खिलाफ आवाज उठाने वाले कम्युनिष्ट पार्टी के नेता वी. सुबब्ईया के ‘डायरेक्ट एक्शन’ और भारतीय प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के फ्रांसीसी सरकार से लगातार बनते दवाब से विवश होकर 13 अक्टूबर 1954 को तत्कालीन फ्रांसीसी प्रधानमंत्री पियरे मेन्डेस फ़्रांसे को झुकना पड़ा और पॉन्डिचेरी के भारत में विलय करने के लिए मजबूर होना पड़ा।[ii] इसके पश्चात दिनांक 1 नवंबर 1954 को पांडीचेरी, कराइकल, यमन, माहे जैसे फ्रांसीसी उपनिवेशों को भारत में विलय कर दिया गया।     

प्राचीन काल से ही पल्लव, चोल, विजयनगर साम्राज्य, बीजापुर सल्तनत द्वारा शासित रहने के पश्चात 1674 ई. से यह एतिहासिक व्यापारिक नगर फ़्रांसीसियों के अधिकार क्षेत्र में रही। सूरत से अपने व्यापारिक सफर की शुरुआत करने के पश्चात 1674 ई. में फ्रांसीसी गवर्नर फ्रांसिस मार्टिन ने पुड्डुचेरी (तत्कालीन पांडीचेरी) को एक फ्रांसीसी बस्ती/उपनिवेश के रूप में विकसित किया। 1673 ई. में बीजापुर के सुल्तान के सूबेदार शेर खान लोदी से उन्हें पांडीचेरी एक व्यापारिक केंद्र स्थापित करने के लिए मिला।[iii] इसी क्रम में 1725 ई. में माहे, 1731 ई. में यनम एवं 1739 ई. में कराइकल फ्रांसीसी उपनिवेश/बस्ती के रूप में विकसित किए गए।[iv] थोड़े-थोड़े समय के लिए ये ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के अधिकार क्षेत्र में भी रहे। लेकिन अलग-अलग समय पर हुए समझौतों से ये नगर केवल व्यापारिक गतिविधियों के लिए फ़्रांसीसियों को वापस मिलता रहा। 280 वर्षों तक फ्रेंच ईस्ट इंडिया कंपनी द्वारा शासित एवं विकसित इन फ्रांसीसी उपनिवेशों को 1 नवंबर 1954 को भारतीय संघ में मिलाया गया।[v] इसी क्रम में फ्रांसीसी संसद द्वारा भारत के साथ संधि की पुष्टि मिलने के बाद भारत सरकार के संघ-राज्य क्षेत्र शासन अधिनियम के तहत 16 अगस्त 1962 ई. में पुड्डुचेरी को केंद्रशासित प्रदेश घोषित किया गया। चूंकि पुड्डुचेरी इनमें से सबसे बड़ी बस्ती थी, इसलिए इस नवनिर्मित राज्य के इस नगर को इसकी राजधानी बनाया गया। उपरोक्त उल्लेखित ये 4 नगर (पुड्डुचेरी, कराइकल, यनम और माहे) ही इनके 4 जिले हैं।  

  

 


Sunday, 10 November 2024

बुंदेलखंड का पितृसत्तात्मक समाज और फूलन देवी का संघर्ष

दस्यु सुंदरी के नाम से प्रसिद्ध फूलन देवी को आज हमारे देश का एक बड़ा तबका एक डकैत के रूप में जानता है। फूलन देवी न केवल बुंदेलखंड के समाज के सामंती ताकतों द्वारा खुद पर हुए अत्याचार का बदला लेने के लिए डकैतों का दामन थाम कर समाज में स्थापित पितृसत्तात्मक वर्चस्व को तोड़ने का प्रयास किया, बल्कि अन्याय के खिलाफ आनेवाली पीढ़ि के स्त्रियों को एकजुट होने का संदेश भी दिया। वर्तमान समय में फूलन देवी की वास्तविक ज़िंदगी को जानने के लिए जिस महत्वपूर्ण स्रोतों को प्रयुक्त किया जाता रहा है वह है शेखर कपूर की 1994 में आई फिल्म “बेंडिट क्वीन”जो 1991 में प्रकाशित हुई माला सिन्हा की पुस्तक “इंडियाज़ बेंडित क्वीन : द ट्रू स्टोरी ऑफ फूलन देवी पर आधृत मानी जाती है। हालांकि शेखर कपूर अपनी फिल्म में फूलन देवी का चित्रांकन “एक बलात्कार पीड़ित स्त्री द्वारा बलात्कारियों से बदला लेने” के रूप में किया है। फूलन देवी के बलात्कार की शुरुवात 11 वर्ष की अवस्था में ही अपनी उम्र से तीन गुने अधिक उम्र के जुल्मी पति पुट्टिलाल से होती है। किशोरावस्था के दौरान भी पुलिसवालों व गाँव के ठाकुरों द्वारा इस कुकृत्य को दोहराया जाता है। हालांकि व्यावसायिक फिल्म होने के कारण इसमें फूलन के सामाजिक संघर्षों को दिखाने का कोई खास प्रयास नहीं किया गया है। केवल बदला लेने की कहानी को ही प्रमुखता दिया गया है। साथ ही फूलन देवी की वास्तविक कहानी से भी काफी छेड़-छाड़ कर इसे केवल एक मसाला फिल्म का रूप दिया गया है। इस वास्तविक कहानी की कमी को पूरा किया है स्वयं फूलन देवी, मेरी थेरेस क्यूनी व रामबली पॉल द्वारा लिखित फूलन देवी की बायोग्राफ़ि“आई फूलन देवी : द ऑटोबायोग्राफ़ि ऑफ इंडियाज बेंडिट क्वीन”  ने जिसमें स्वयं फूलन देवी ने 1994 ई. में जेल से निकलने के बाद अपने बचपन से लेकर डकैत बनने तक समाज से हुए जद्दोजहद को बयां किया है। फूलन देवी द्वारा सुनाई गयी आपबीती को 2000 पन्नों में संकलित कर उनपर उपरोक्त नाम से 1996 में आत्मकथा प्रकाशित किया गया। जिसके पश्चात उनके द्वारा पितृसत्तात्मक समाज से हुए संघर्ष का वास्तविक रूप सामने आया। प्रस्तुत आलेख में फूलन देवी, मेरी थेरेस क्यूनी व रामबली पॉल द्वारा लिखित ऑटोबायोग्राफ़ि“आई फूलन देवी : द ऑटोबायोग्राफ़ि ऑफ इंडियाज बेंडिट क्वीन” एवं शेखर कपूर की 1994 में आई फिल्म “बेंडिट क्वीन” व अन्य द्वितीयक श्रोतों के आधार पर बुंदेलखंड के तत्कालीन समाज में मौजूद पितृसत्तात्मक व सामंती समाज से फूलन देवी के संघर्ष को नारीवादी/दलित नारीवादी दृष्टिकोण से दिखाने का प्रयास किया गया है।

फूलन देवी कालीन बुंदेलखंड के सामाजिक स्थिति के साथ-साथ समाज में मौजूद पितृसत्तात्मक व्यवस्था के जड़ों की गहराई मापता यह आलेख एक दलित स्त्री का पुरुष प्रधानता वाले समाज से हुए संघर्षों की पड़ताल करता है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए वैयक्तिक अध्ययन पद्धति का सहारा लिया गया है। जिसके अंतर्गत फूलन देवी के वास्तविक जीवन में घटित घटनाओं से संबंथित तथ्यों का संकलन कर उन्हें नारीवादी/दलित नारीवादी दृष्टिकोण से विश्लेषित किया गया है। इस क्रम में प्राथमिक एवं द्वितीयक श्रोत सामाग्री का प्रयोग किया गया है।

गंगा-यमुना के मैदानी भाग व विंध्य पर्वत के बीच बसा उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश राज्य का बुंदेलखंड क्षेत्र(झांसी, बांदा, चित्रकूट, दतिया, टीकमगढ़, राठ, ललितपुर, सागर,उरई, पन्ना, हमीरपुर, महोबा, छतरपुर) प्राचीन काल से ही लड़ाकू, वीर व क्रांतिकारियों का गढ़ रहा है। आज इस भौगोलिक क्षेत्र को चंबल व यमुना नदी के क्षेत्र में बीहड़ों की प्रधानता के कारण डाकुओं का स्वर्ग कहा जाता है। अपनी अलग भाषा-संस्कृति वाला, महाभारतकालीन चेदी महाजनपद का हिस्सा रहा यह क्षेत्र शिशुपाल की कर्मभूमि रही है जिन्होनें न केवल मथुरा के राजा वासुदेव के अश्वमेध यज्ञ हेतु छोड़े गए घोड़े को चुराकर अपने अद्भुत साहस का परिचय दिया बल्कि श्रीकृष्ण से शत्रुता मोल लेकर उनकी राजधानी द्वारका को भी जला कर नष्ट कर दिया। हालांकि महाभारत सहित अन्य ग्रन्थों में शिशुपाल को नकारात्मक भूमिका में प्रस्तुत किया गया है। मध्यकाल में जहां चंदेल (12वीं सदी) व बुंदेला राजपूतों (17वीं सदी) ने अपने पराक्रम से बुंदेलखंड का नाम रोशन किया वहीं आधुनिक काल में इस विरासत को लक्ष्मीबाई, झलकारीबाई, फूलन देवी, सीमा परिहार, सम्पत पाल आदि ने संभाला। 19वीं सदी में उपर्युक्त उल्लेखित प्रथम दो वीरांगनाओं ने एक ओर जहां अपने देश की रक्षा हेतु जिस वीरता से अपने शत्रु ब्रिटिश सरकार को नाकों चने चबवा दिये वहीं 20-21वीं सदी में पितृसत्तात्मक मानसिकता से ग्रसित पुरुष वर्ग द्वारा निरीह समझी जानेवाली स्त्रियों के हक़ की लड़ाई का जिम्मा संभाला फूलन देवी, सीमा परिहार, सम्पत पाल आदि ने। बचपन से ही पितृसत्तात्मक व सामंती मानसिकता से ग्रसित लोगों द्वारा खुद पर लगातार हो रही हिंसा से आहात होकर फूलन देवी ने हथियार उठाते हुए डकैत बनकर भले ही अपनी युवावस्था बीहड़ों में तबाह कर ली लेकिन इनके मंसूबों पर ग्रहण लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। ये अलग बात है कि सम्पत पाल का तरीका जहां सुरक्षात्मक है वहीं फूलन देवी व सीमा परिहार का हिंसात्मक था। सम्पत पाल एक ओर जहां यह कार्य कानून के दायरे में रहकर करती हैं वहीं फूलन देवी ने यह कार्य कानून को हाथ में लेकर एक डकैत का चोला ओढ़कर किया। क्या विडम्बना है, अभी तक भारत सरकार, राज्य सरकार सहित अन्य विश्लेषक फूलन देवी को एक डकैत के रूप में मान्यता देते रहे हैं। ब्रिटिशकाल में यदि एक स्त्री अपने राज्य की रक्षा के लिए बदले की ही भावना से अपने शत्रु अंग्रेजों के खिलाफ शस्त्र उठाता है तो उसे राष्ट्रभक्त की संज्ञा से अलंकृत किया जाता है वहीं एक अन्य संविधान द्वारा प्रदत्त स्वतन्त्रता व समानता के अधिकार के रक्षा के लिए जब अपने ही समाज में व्याप्त असामाजिक तत्वों द्वारा अपने साथ हुए अत्याचारों व स्त्रियों को पैरों की जूती समझनेवाले अंग्रेजों के ही बहुरूपये के खिलाफ शस्त्र उठाए तो वो डकैत। सिर्फ इसलिए कि वो खुद पर हुए अत्याचार का बदला लेने के लिए डकैतों के गैंग से जुड़ गयी। जबकि इस पेशे से जुड़ना उसकी स्वयं की इच्छा नहीं थी, बल्कि सत्ता में काबिज सामंती लोग सरपंच व मायादिन ने बदले की भावना से प्रेरित होकर उसे डकैतों के साथ जोड़ दिया।[1] 16 वर्ष की बाल्यावस्था तक तो उसे डकैत क्या है? कौन होते हैं? का पता भी नहीं था। मेरे दृष्टिकोण से तो इनके लिए क्रांतिकारी शब्द प्रयुक्त किया जा सकता है क्योंकि डकैत नहीं होते हुए भी डकैत होने का मुहर लग जाने के बाद उन्होनें सामंती ताकतों के झूठ व अन्याय के खिलाफ सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने के साथ-साथ बलात्कार जैसी उस बुराई के खात्मे के लिए शस्त्र उठाया जो सामंती शासनप्रणाली में कमजोर व निरीह वर्ग पर सत्ता और प्रभुत्व दिखाने का हमेशा से ही प्रमुख औज़ार रहा है। खुद फूलन देवी अपनी आत्मकथा में कहती हैं- So many times I reached out my hands and nobody helped me. They called me a pest and a criminal, I never considered myself to be someone good. But I was not a criminal either. All I did was make men suffer they made me suffer”[2]. फूलन देवी के क्रांतिकारी जीवन की शुरुवात डकैत का चोला ओढ़ने के 2-3 पूर्व ही 14-15 वर्ष की अवस्था में हो गयी थी। अमीरों द्वारा गरीबों के प्रति किए जाने वाले अन्याय के प्रति उन्हें जागरूक कर। यही कारण है कि विश्व की प्रतिष्ठित टाइम्स मैगजीन ने इनकी बातों को बिलकुल सत्य मानते हुए विश्व के 16 क्रांतिकारी महिलाओं की सूची में फूलन देवी को चौथा स्थान दिया है।[3]

          उत्तर प्रदेश के गढ़ का पूर्वा गाँव में गरीब मल्लाह परिवार में जन्मी फूलन देवी बचपन से ही  हिंसा झेलने के साथ-साथ सामंती मानसिकता के लोगों द्वारा निम्न वर्ग/जातियों के लोगों के शोषण के खिलाफ न केवल विरोध की आवाज़ को बुलंद किया बल्कि शस्त्र भी उठाया। ग्राम-प्रधान, बिहारी चाचा, मायादीन, पुट्टीलाल एवं अन्य ने बचपन से ही फूलन के आत्मा व शरीर पर हिंसा करने का कोई मौका नहीं छोड़ा। फूलन देवी का जन्म कब हुआ इसका वर्णन कहीं नहीं मिलता फिर भी विद्वान उनका जन्म 1963 ई. मानते हैं।[4] लेकिन अपनी आत्मकथा में इस बात का जिक्र करती है कि उनका जन्म किसी फूल महोत्सव के दिन हुआ था इसलिए उनके माता-पिता ने उनका नाम फूलन रखा था।[5] मात्र 11 वर्ष की कम उम्र में ही, जब उनके खेलने-कूदने, खाने-पीने का समय था उनके माँ पिताजी ने उनका विवाह कर दिया गया। अपनी छोटी बहन छोटी के साथ गुड्डे-गुड़िया के विवाह कराने का खेल खेलते-खेलते कब खुद वास्तव में वैवाहिक बंधन में बांध गयी, उसे पता ही नहीं चला। बचपन से ही वह एक ओर जहां वह अपने पिता की तरह ममता और दया की प्रतिमूर्ति थी जो अपनी छोटी बहन जिसका नाम भी “छोटी” ही था, के साथ शरारतें, मस्ती करने, मज़ाकिया लहजे में नोक-झोंक करने के साथ-साथ अपनी सबसे छोटी बहन भूरी को स्वयं दूध पिलाकर जिंदा रखने के लिए गाँव की किसी बकरी का दूध निकालने, गाँव के मंदिर की तरफ जानेवाले सड़क की किनारे के नीम के पेड़ पर चढ़कर, तोते के बच्चे निकालना, जैसे मासूमियत भरे कामों में लगी रहती थी तो वहीं अपनी माँ की तरह ही क्रोधी व जिद्दी भी थी। वह 10 वर्ष की ही थी जब अपने पिता की संपत्ति को जबरन हथियाने का प्रयास कर रहे अपने बिहारी चाचा के लड़के मायादीन से मर्दानों की तरह उलझ गयी। इसके बावजूद ममतत्व इतना भरा था कि अपने घर को जलाए जाने, माता-पिता भाई पर किसी प्रकार का जुल्म न हो, ये सोचकर 16 वर्ष की अवस्था में ही जज के सामने जब उससे उसके गुनाह के बारे में पूछा जाता है तो बड़े मासूमियत से कहती है कि मैं डकैत हूँ क्योंकि पुलिसवाले उसे बहला-फुसलाकर समझा दिया था कि यदि तुम उनके सामने बोलोगी कि मैं डकैत हूँ तो वो तुम्हें छोड़ देंगे। जुल्म और अन्याय से लड़ने की उसमें अद्भुत साहस थी। जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण अपने पड़ोस में ही रहनेवाले ‘बिहारी’ नामक एक अमीर जो कि रिश्ते में उसके चाचा (फूलन के पिता के सौतेले भाई) लगते थे लेकिन हैशीयत में खुद को मल्लाह की जगह किसी ठाकुर/सामंत से कम नहीं समझते थे, के प्रति उसकी भावना से पता चलता है। उसकी संपत्ति में फूलन के घुस आने के कारण हमेशा अपमानित करने के साथ-साथ वह फूलन को पीटता भी था। फूलन के पिता देविदीन और बिहारी एक ही पिता के लड़के थे जबकि दोनों की माँ अलग-अलग थी। बिहारी देविदीन को अपने पिता की वैध संतान नहीं मानते हुए पंचों की सहायता से बेईमानी पूर्वक सारी जमीन जायदाद हड़प ली। हालांकि बेईमानी से सभी ज़मीनें हड़पे जाने की बात समस्त ग्रामीण जानते थे लेकिन मारपीट के भय के कारण न कोई ग्रामीण, न ही उसके इंसान चरित्र पिता देवीदीन इसका प्रबल विरोध कर पाते थे। यह बात फूलन को खटकती थी। इसलिए वो हमेशा उसे सबक सिखाने की कल्पना में जीती रहती थी। अपनी गरीबी और सामाजिक स्थिति से हमेशा ही वह त्रस्त थी यही कारण था कि वह हमेशा ईश्वर की तलाश में इधर-उधर भटकती रहती थी ताकि उनसे वो पूछ सके कि आखिर सारी सुख-सुविधाएं अमीर बिहारी को ही क्यों? उसके पिता/परिवार को क्यों नहीं? कभी अपने पिताजी से उनका पता पूछती तो कभी खुद जंगल, कभी मंदिर में तलाश करने निकाल पड़ती, तो कभी नदी में खोजती। आहत होकर यमुना के किनारे जाकर कभी-कभी ये भी सोचने लगती कि कितना अच्छा होता भगवान मुझे जानवर के रूप में ही जन्म देते क्योंकि उनमें अमीर-गरीब का भेद तो नहीं हैं। साथ ही भरपेट खिलाने के साथ-साथ उनकी देखभाल भी तो की जाती है। झूठ व बेईमानों के खिलाफ उसने बिना किसी स्वार्थ के हमेशा मर्दानों की तरह अपने हक़ की लड़ाई लड़ी। इसके बावजूद परिवार से लेकर समाज उसे ही हमेशा गलत ठहराता रहा। इस भेद-भाव पूर्ण ज़िंदगी से त्रस्त होकर वह गाँव के ही दुर्गा मंदिर में जाकर मदद की गुहार लगाती थी। मन ही मन प्रश्नात्मक याचना भी करती थी कि “मुझे बताएं कि कैसे आपने राक्षसों का संहार किया। मुझे भी एक हथियार दें ताकि मैं भी उनका विरोध कर सकूँ”।[6]

फूलन देवी कालीन बुंदेलखंड में सामाजिक व्यवस्था

भारतीय संविधान के लागू होने और समानता का अधिकार मिले 30 वर्ष बाद भी तत्कालीन बुंदेलखंड समाज में लोकतंत्र की जगह जातिवाद व सामंतवाद का बोलबाला था। सामाजिक आधार पर समाज अनेक जातियों-उपजातियों में बंटा था जिसमें ब्राह्मण, क्षत्रिय (ठाकुर) उच्च जातियों में गिने जाते थे जबकि वैश्य व शूद्र (धोबी, मल्लाह, चमार आदि) दोनों वर्गों को ये दोनों उच्च जातियाँ हीन भावना से ही देखते थे। आर्थिक आधार पर समाज दो वर्गों में विभक्त था। पहला वर्ग धनिकों का था जिनके पास पर्याप्त कृषि योग्य भूमि थी एवं उपज के बदौलत वे एसो-आराम की ज़िंदगी व्यतीत करते थे। इस वर्ग में ब्राह्मण, ठाकुर से लेकर दलित जाति के अमीर लोग भी आते थे। दूसरा वर्ग गरीबों का था जो धनहीन, भूमिहीन के साथ-साथ शक्तिहीन था। इसमें मुख्यतः दलित जातियों की ही बहुलता होती थी। ये लोग अमीरों के खेतों में काम कर या यमुना पार कछवारी भूमि पर खीरे-तरबूज उपजाकर अपना गुजारा करते थे। अमीरों पर आश्रित होना उनकी मजबूरी थी क्योंकि यमुना के कछवारी भूमि पर तभी कृषि किया जा सकता था जबतक कि यमुना में पानी कम हो। बाढ़ के दिनों में ये भूमिहीन हो जाते थे। सूखे के दिनों में ही ये पर्याप्त मात्रा में खीरे-तरबूज उगाकर उन्हें बेचकर पूरे वर्षभर का या उन दिनों के लिए अन्न इकट्ठा कर लेते थे। विशेषकर बाढ़ के दिनों में अमीरों पर आश्रित होने के कारण यह गरीब वर्ग एक तरह से गुलाम की ज़िंदगी व्यतीत करते थे। गरीबी इन्हें शक्तिहीन बना देती थी। अमीरों के आदेश मानना इनकी मजबूरी थी मना करने की स्थिति में उन्हें दंड का भागी भी बनना पड़ता था। जबकि सहयोग करने पर इनाम मिलता था। फूलन देवी का चचेरे भाई मायादीन जब देविदीन के हिस्से का नीम का पेड़ चोरी से काट रहा होता है तो फूलन द्वारा गाँव के ही एक लोग से मदद की अपील पर वह ग्रामीण उसे जवाब देता है कि मदद न करने के बदले में मायादीन उन्हें एक बोरी बाजरा देगा।[7] कई-कई बार तो अमीरों के खिलाफ आवाज़ उठाने की गलतियों के बदले में उन्हें जान से भी हाथ धोना पड़ता था। लोकतंत्रात्मक व्यवस्था में भी सामंती प्रथा का खौफ इस तरह व्याप्त था कि जब गाँव के प्रधान के आदमी किसी को पीटने लगते थे तो कोई भी ग्रामीण वहाँ उसकी मदद के बदले भागकर अपने-अपने घरों में छिप जाते थे। प्रधान के कार्यों में दखल देने की कोई हिम्मत भी नहीं कर पाता था। यही कारण है कि गाँव के प्रधान, सरपंच, उनके पुत्र या संबंधी स्त्रियों को ललचाई नज़र से देखते हुए यदि कोई भद्दी टिप्पणियाँ भी कर देते थे तो भी वे कोई विरोध नहीं कर पाती बल्कि चुपचाप सह लेती थी।  समाज में घूँघट प्रथा के साथ-साथ दहेज प्रथा भी विद्यमान थी ।

समाज में पितृसत्तात्मक वर्चस्व

तत्कालीन समाज में पितृसत्तात्मक जड़ें कितनी गहरी थी इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि फूलन के जन्म पश्चात जब उसकी माँ ने पाँचवीं बार गर्भ धारण किया तो प्रसवकाल के दौरान वो हमेशा एक ही बात बुदबुदाती रहती थी, “हे भगवान ! इस बार लड़का ही देना”।[8] इसके बावजूद भी उसे जब बेटी ही हुई तो उसकी माँ ने उसे स्तन पान कराने से मना कर दिया। यही नहीं चौथे प्रसव के दौरान जब उसे जुड़वां बेटियाँ ही हुई लेकिन अत्यधिक कमजोर होने के कारण जब उसी दिन दोनों बच्चियों की मृत्यु हो गयी तो उनकी माँ बुदबुदाई कि “अच्छा हुआ भगवान ने उसे अपने पास बुला लिया”।[9] फूलन खुद ये स्वीकार करती है कि उनकी माँ दो कारणों से उनसे नफरत करती थी - पहला तो ये कि छोटी और खुद फूलन दोनों हमेशा भूखे होने की बात करती थी, दूसरा कारण उनका लड़की रूप में जन्म लेना था। कभी कभी उनकी माँ गरीबी से त्रस्त होकर फूट-फूट कर विलाप करने लगती थी कि “इन लड़कियों का क्या करूँ? कौन करेगा इनसे विवाह? पता नहीं क्यों हमारे ही किस्मत में इतनी लड़कियां हैं? क्या हमलोग चोर हैं या किसी के घर से कुछ चोरी की”?[10] कभी कभी तो वो गुस्से में आकर दोनों लड़कियों का हाथ पकड़कर कुएं में डूब कर मर जाने की बात करती थी। जिस समाज में 4-4 पुत्र पर 1 लड़की होने को एक सुखी परिवार माना जाता था उसी समाज में एक ही परिवार में 4-4 लड़कियों के होने से क्या चिंताएँ होंगी फूलन के माँ की व्याकुलता देखकर पता चलता है। उनकी ये व्याकुलता भी स्वाभाविक है क्योंकि समाज की ये मान्यता थी कि बेटे बड़े होकर खेती-बाड़ी, घर गृहस्थी, वंश बढ़ाने आदि में योगदान देगा, विवाह के दौरान दहेज द्वारा परिवार में समृद्धि लाएगा। जबकि लड़कियों को तो पराए घर जाना होता है। साथ ही शृंगार के नाम पर वे चारों ओर से तो खर्चे की घर होती है। फूलन की बड़ी बहन रुकमिणी के भी जब 3 बेटे और एक बेटी होने के पश्चात पाँचवीं बार गर्भ धारण करने पर उसे जन्म देने के बदले गर्भपात करवाना चाहती है क्योंकि उसे इस बात का डर होता है कि यदि यह नवजात लड़की हुई तो इसे भूखों मरना पड़ेगा। फूलन देवी की माँ द्वारा अपनी बेटियों को अकेले यमुना नदी में स्नान करने नहीं जाने देना सिर्फ इसलिए कि नदी जाने के रास्ते में प्रधान का घर पड़ता है, प्रमाणित करता है कि समाज में स्त्रियों को किस नज़र से देखा जाता था। उच्च व सामंती परिवार के युवक स्त्रियों को ललचाई नज़र से देखते थे एवं उनका बलात्कार करने की फिराक में लगे रहते थे। समाज द्वारा एक स्त्री के साथ किए जानेवाले बेरुखी से आहत होकर फूलन खुद स्वीकार करती हैं कि “लड़की होना शाप है।”[11]

          वैसे तो प्राचीन काल से ही समाज में स्त्रियों की स्थिति शूद्रों के ही समकक्ष रही है लेकिन स्वतन्त्रता प्राप्ति के पश्चात बिना किसी लैंगिक भेद-भाव के संविधान द्वारा प्रदत्त समानता के अधिकार मिलने के बावजूद तत्कालीन सामंती विचारधारा वाले समाज में उनकी स्थिति शूद्र से कम नहीं थी जिन्हें रामायण जैसे पवित्र ग्रंथ को छूने का भी अधिकार नहीं था। पिता और पति के अतिरिक्त यदि किसी अन्य पुरुष से एक लड़की बात कर लेती थी तो उसके विवाह में विपत्ति खड़ा हो जाती थी। यहाँ तक कि डकैती के पेशे में भी पुरुषों का ही बोलबाला था। किसी भी पेशे में स्त्रियों का प्रवेश दुर्भाग्य का कारण माना जाता था। यही कारण है कि जब फूलन डकैतों के दल में शामिल हुई थी तो एक सदस्य ने इसपर चिंता प्रकट की थी। तत्कालीन समाज में जहां तक स्त्री शिक्षा की बात आती है तो ऐसा नहीं है कि समाज स्त्री शिक्षा के प्रति जागृत नहीं था। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है प्राथमिक शिक्षा हेतु फूलन के पिता द्वारा उसे गाँव के ही प्रधान के घर चलने वाले विद्यालय लिए जाना। लेकिन वास्तविकता ये है कि समाज स्त्रियों को पढ़ाने के स्थान पर उनके परंपरागत कार्यों के सीखने-सिखाने पर पर्याप्त ध्यान दिया जाता था। एक उदाहरण से इसे समझा जा सकता है कि जब गाँव के एक शिक्षक फूलन की माँ से उनके बच्चियों को स्कूल भेजने की आग्रह करते हैं तो वो जवाब देती है कि “शिव-नारायण (पुत्र) स्कूल जाएगा। हम लड़कियों को अन्य किसी चीज के सीखने की आवश्यकता ही नहीं है सिवाय गेंहू पीसना, रोटी बनाना, जानवरों के खाने के लिए घास काटना, खेतों की निराई-गुड़ाई करना, कुएं से पानी लाना आदि।[12] स्त्रियों को एक गुलाम के अतिरिक्त कुछ नहीं समझा जाता था। पुट्टीलाल ने 11 वर्षीय फूलन से विवाह केवल इसलिए किया ताकि उसके व उसके विधुर पिता की देखभाल किया जा सके। परिवार के मुखिया सहित अन्य को भोजन कराने के बाद ही खाना पकानेवाली खाने का अधिकारी होता था। उनके ज़ोर-ज़ोर से बोलने व हंसने को अच्छा नहीं माना जाता था। समाज में स्त्रियों को भारस्वरूप समझे जाने का एक प्रमुख कारण था दहेज प्रथा। गरीब परिवारों को बेटी के विवाह हेतु दहेज की चिंता हमेशा लगी रहती थी। यही कारण है कि नीम के पेड़ को बेचकर बेटी का विवाह करने का सपना देखते मूला और देविदीन (फूलन के माता-पिता) उस समय घोर चिंता में डूब जाते हैं जब मायादीन चोरी से नीम के पेड़ को काट लेता है। फिर भी फूलन के विवाह में उसके पिता को वर पक्ष को 5 हज़ार रुपए, एक गाय तथा एक बकरी दहेज के रूप में देना पड़ा। जबकि छोटी की शादी में भी सभी चाँदी के आभूषण को बेचकर दहेज का व्यवस्था करना पड़ा।

          फूलन देवी को डकैत बनाने के लिए सर्वाधिक उत्तरदायी कारक समाज का पितृसत्तात्मक स्वरूप को माना जा सकता है। यदि समाज द्वारा स्त्रियों के साथ किए जानेवाले दुर्व्यवहार, अत्याचार का डर नहीं होता तो फूलन का विवाह 11 वर्ष की अवस्था में नहीं होता। क्योंकि फूलन देवी का विवाह इतनी कम उम्र में केवल इसलिए कर दिया गया कि मायादीन से घरेलू संघर्ष के कारण फूलन के साथ कोई उंच नीच न हो जाए जिससे उसके विवाह में कोई व्यवधान पैदा हो। जबकि इस अवस्था तक उसे यह भी पता नहीं था कि विवाह पश्चात एक लड़का-लड़की के बीच किस प्रकार का संबंध होता है। समाज में स्त्रियाँ दोहरे शोषण की शिकार थी, एक तो अमीर व सामंती वर्ग उन्हें भूखे भेड़ियों की तरह देखता ही था तो दूसरी ओर अपने ही दलित समाज के पुरुष का भी उन्हें देखने का दृष्टिकोण ऐसा ही था। विशेष रूप से जवान पुरुष अपने हवस की प्राप्ति के लिए प्रयासरत रहते थे। पुट्टीलाल एवं फूलन के बीच के संवाद से इसे समझा जा सकता है “You little bitch ! I can do whatever I want with you. I am your husband, your master! Do you hear! Now shut up”.[13] इस कथन से ये बात भी पुख्ता होता है कि निर्णय लेने का अधिकार केवल पुरुषों के हाथ में था जबकि स्त्रियाँ उसे मानने को मजबूर होती थी।

समाज में स्त्रियाँ हमेशा अमीरों की प्रताड़ना की शिकार होती रहती थी। इनके कारण बलात्कार-सामूहिक बलात्कार की घटनाएँ होती रहती थी। पंचायत में भी पीड़िता को शर्मशार किया जाता ही था वहीं आरोपी को निर्दोष करार दिया जाता था। सरपंच के बेटे द्वारा फूलन के साथ की गयी  बदतमीजी की शिकायत करने जब उसकी माँ फूलन के साथ सरपंच के घर जाती है तो वह न केवल उसकी माँ को घर से बाहर फेंकवा देता है। बल्कि उसी दिन रात में सरपंच के बेटे जबरन घर में घुसकर देविदीन को धमकाता, मारपीट करते हुए फूलन व उसकी माँ के साथ बलात्कार भी करता है।[14]

पितृसत्तात्मक समाज से फूलन देवी का संघर्ष

बचपन से ही फूलन देवी का व्यक्तित्व विद्रोही प्रवृत्ति का था। शारीरिक रूप से निर्बल होने के बावजूद उसमें अन्याय झूठ व बेईमानी के खिलाफ विद्रोह की भावना झलकती थी, चाहे बिहारी चाचा के द्वारा अपने पिता के साथ किया जाने वाला छल, अन्याय हो या मायादीन द्वारा चोरी से जबरन नीम का पेड़ जाना। जैसे-जैसे उसमें शारीरिक बल का उद्भव हुआ उसका प्रदर्शन खुल कर करना शुरू कर दिया। बचपन में छोटे व शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण बिहारी चाचा के अन्याय को तो खून के घूंट पीकर बरदास्त करती रही लेकिन अंततः प्रथम बार उसने खुलकर प्रतिरोध करना प्रारम्भ कर ही दिया जब मायादीन चोरी से उसके पिता द्वारा लगाए गए नीम के पेड़ को काटकर ले जा रहा था। 100 से भी अधिक लोग घटनास्थल पर इकट्ठा थे लेकिन कोई भी विरोध करने आगे नहीं आया। ऐसे में फूलन देवी जो उस समय मात्र 11 वर्ष की अवस्था में थी, अपने दम पर उनसे उलझ गयी। हालांकि वह उस नीम के पेड़ को कटने से बचा नहीं सकी। फिर भी उसकी आक्रामकता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि मायादीन के जिस आदमी ने फूलन को पकड़ रखा था वह भी परेशान होकर अंततः बोल ही पड़ा, “भगवान जाने किस चीज़ से यह लड़की बनी है”।[15] अपने बिहारी चाचा द्वारा जबरन हथियाए गए जमीन से वह इतना आहात रहती थी कि उससे बदला लेने की प्रवृत्ति हमेशा मन में चलता रहता। बिहारी चाचा की मृत्यु के बाद तो उसके बेटे मायादीन से उलझना आम बात हो गयी। कभी घास काटने के नाम पर तो कभी नीम के पेड़ काटने के नाम पर। खुद पर हुए जुल्म के प्रश्न पर तत्कालीन समाज से फूलन प्रश्न भी करती है कि पुट्टीलाल की वास्तविकता कि अपनी पहली पत्नी पर जुल्म कर उसने उसे मार दिया गया, जानने के बावजूद भी मामा-मामी, ज्योतिषी, पुरोहित ने मेरा विवाह उससे करवाया। फिर ये लोग ही आज पिताजी को सलाह दे रहे हैं कि अपनी बेटी को दुबारा नहीं आने देना। इससे पूर्व उन्होनें वास्तविकता क्यों नहीं बताई? क्यों मुझे इस घर में आने दिया?[16] ससुराल से पुट्टीलाल द्वारा उसपर गोशाला में हाथ पैर बांधकर किए गए जुल्म, गरम रोटी सेंकने वाले चिमटे से खुद को जलाए जाने, को याद करते हुए अपने पिता के साथ ससुराल की परिधि से बाहर निकलते ही फूलन गाँव की तरफ मुड़कर कहती है “अब मैं वापस कभी नहीं आऊँगी”।[17] दृढ़निश्चयी होकर समाज से अपनी बर्बादी का प्रश्न पूछने के साथ-साथ उसका यह कहना कि अब मैं वापस कभी नहीं आउंगी, एक क्रांतिकारी कदम था क्योंकि अब वह एक विवाहित लड़की थी जिसके लिए एक सामाजिक रीति के तहत पति के ही घर में रहना अनिवार्य था। हालांकि इसे बचपना भी कहा जा सकता है क्योंकि कुछ दिनों पश्चात उसे पति के साथ वापस अपने ससुराल आना ही पड़ता है। वापसी के दौरान पुट्टीलाल रास्ते भर उसे साइकल के अगले सीट पर बैठाकर धमकाता रहा कि “यदि तुमने किसी से अपने साथ हुए घटना को बताया तो तुम्हारी जली हुई लाश ही तुम्हारे घर जाएगी”।[18] ससुराल दुबारा आने के साथ ही फिर से पुट्टीलाल द्वारा जुल्म शुरू हो जाता है। एक दिन तो वह उसे नीम के पतले डाली से उसे इतना पीटा कि शरीर सूज गया सिर्फ इसलिए कि उसके जुल्म की बातें उसने उसके पिता से बता दी। तत्पश्चात फूलन के मौसा व उनके लड़के ने उसे चुपके से ससुराल से भगाकर उसे जुल्म से मुक्त कराया। खिन्न होकर पुट्टीलाल ने मायादीन व पुलिस की सहायता लेकर फूलन को अपने साथ ले जाने का बहुत प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाया बल्कि इसके उलट पुलिस ने फूलन के कमजोर शरीर और उम्र को देखते ही आगे से इस संबंध में कोई शिकायत नहीं करने का आदेश भी दे दिया। फूलन देवी भी अजीब किस्मत लेकर इस दुनिया में आई थी। एक समस्या से छुटकारा मिलता नहीं कि दूसरा शुरू। पुट्टीलाल से छुटकारा मिला तो अब मायादीन। जो इतना धूर्त था कि जमीन जायदाद की बात आने पर उसके लिए उसके चाचा देवीदीन पराया हो जाता था लेकिन फूलनदेवी के मामले में हमेशा बड़बड़ाता कि उसने हमारे परिवार का नाम हंसा दिया। जैसे फूलन उसकी सगी बहन ही हो। इसी दौरान फूलन के अनुपस्थिति में पुट्टीलाल विद्या नामक लड़की से तीसरी शादी कर लेता है वहीं 14 वर्ष की अवस्था में फूलन देवी को भी ले आता है जिससे उसकी स्थिति एक सौतन की हो जाती है। गुलामों की तरह उससे कपड़े, बर्तन धुलवाना, पानी लाना, जानवरों को चारा खिलाना आदि सारे काम उसपर थोप दिये जाते थे। इसके बावजूद अपनी सौतन विद्या से उसे ताने झिड़कियाँ सुनने को मिलते थे – “इस घर से दूर रहो, ये मेरा घर है, यहाँ तुम्हारा कोई काम नहीं”।[19] खाना पकाने तक ही उसे घर में रखा जाता था तत्पश्चात उसे गौशाले में ही दिन-रात गुज़ारना पड़ता था। गौशाले के अंधेरे में ही उसे खाना दिया जाता था। खुद के साथ किए जानेवाले व्यवहारों से वह इतना आहात हो गयी कि उनकी स्थिति पागलों जैसी हो गयी। हालांकि इस अत्याचार को देखकर पुट्टीलाल के चाचा के साथ-साथ गाँव की अन्य महिलाएं भी पसीजकर पुट्टिलाल को बहुत बुराभला कहती हैं लेकिन नतीजा वही ढाक के तीन पात। अंततः ग्राम पंचायत ने जब पुट्टीलाल को फूलन को घर में अच्छी तरह से रखने का फैसला सुनाया तो बौखलाकर पुट्टीलाल अगले सुवह ही उसे बिना कुछ बताए उसे उसके समस्त कपड़े सहित साइकल पर बैठाकर यमुना नदी के किनारे तक छोडते हुए कहा,“चले जाओ ! यहाँ से तुम्हारा घर नजदीक है”। फूलन देवी ने यह कहकर जाने से मना कर दिया कि “मैं अकेले नहीं जाऊँगी क्योंकि गाँववाले, मायादीन, पूछेंगे कि मैं अकेले क्यों आई हूँ? तो मैं क्या जवाब दूँगी। आपको उन्हें बताना होगा”। अंततः नाववाले को बुलाने का बहाना बनाकर पुट्टीलाल छलपूर्वक उसे व दहेज में प्राप्त साइकल को छोडकर अपने घर लौट गया। यमुना किनारे ही फूलन पूरी दिन-रात उसके आने का इंतज़ार करती रही। किसी तरह वह घर पहुंची और कुछ दिनों पश्चात वह अपने पिता के साथ मजदूरी करने भी जाने लगी। मजदूरी करते-करते उसमें आत्मविश्वास का संचार हुआ। इसी दौरान उसने न केवल मायादीन द्वारा उसे परेशान किए जाने से खिन्न होकर बीच गाँव में ललकारा बल्कि मजदूरों के साथ ठाकुरों द्वारा जानेवाले अत्याचार को नजदीकी से महसूस कर उसके खिलाफ आवाज़ भी उठाई। ठाकुर उन्हें मजदूरी करने के लिए रख तो लेते थे लेकिन मेहनताना देने के नाम पर कल आने की बात करते थे और कल होने पर कोई कोई न कोई बहाना या नुख्श निकालकर मजदूरी काट लिया करते थे। इस अन्याय को देखते हुए फूलन एक दिन उनसे निर्भीकता से यह कहते हुए उलझ गयी कि “मैंने आज काम किया है । मुझे पैसे भी आज ही चाहिए”। मजदूरी देते हैं या आपकी बकरियाँ ले जाऊँ।[20] हालांकि इस प्रकार बोलने का उसे नुकसान उठाना पड़ा। लोगों ने उसे बाहर कर दिया, अपने पिता से भी डांट खाई, लेकिन अपनी माँ द्वारा इस काम के लिए समर्थन पाकर वह दुगुने उत्साह से भर गयी। इसके बाद तो जैसे उसमें सचमुच दुर्गा के शक्तियों का संचार होने लगा। कुछ दिनों पश्चात ही जब किसी एक ने देविदीन से काम करवाने के बावजूद मजदूरी देने में नौ-छे कर रहा था तो फूलन ने छोटी के साथ मिलकर रातों-रात आठ दिनों में बने दीवार को मूसलाधार बारिश के सहयोग से ढहा दिया। अगले दिन उससे पैसे भी प्राप्त कर लिया, डराते हुए यह कहकर कि तुमने हमारे पैसे नहीं दिये इसलिए भगवान ने मूसलाधार बारिश से इसे नष्ट कर दिया। यदि तुमने हमारे पैसे नहीं दिये तो बाकी भी तुम्हारे सिर पर गिरेंगे[21] इसके पश्चात फूलन अपने साथ काम करनेवाली प्रत्येक स्त्रियों को अपने हक़ की मजदूरी अवश्य लेने के लिए हमेशा जागृत करती रहती थी। तत्कालीन समाज में अंधविश्वास भी चरमावस्था पर था जिसका फायदा उसे मिलता। वह सभी को यह कहकर डरा कर रखती कि जो भी हमारी मजदूरी नहीं देगा आँधी-तूफान आकर उनके घरों को उनके ही सिर पर गिरा देंगे। यहाँ से फूलन देवी का क्रांतिकारी जीवन की शुरुवात होती है। हालांकि इस क्रांतिकारी जीवन ने उन्हें समाज का दुश्मन बना दिया था इसके बावजूद वह अन्य स्त्रियों को यह कहकर अन्याय के खिलाफ जागृत करने लगी कि जमीन की जुताई, बुवाई, निराई आदि का काम हमलोग मेहनत से करते हैं इसके बावजूद यदि जमीन मालिक आपको मजदूरी नहीं दे तो उनके फसल नष्ट कर दो।

          गांधीवादी विचारधारा के विपरीत फूलन देवी इस दर्शन में विश्वास करती थी कि यदि कोई तुम्हें थप्पड़ मारे तो प्रतिक्रिया में तुम भी उसे एक जोरदार थप्पड़ मारो। चोरी, बेईमानी करने के गुण से वह हमेशा दूर रहने की बात करती है। इस तरह फूलन भले ही स्वयं सशक्त होने के साथ-साथ समाज के स्त्रियों को भी अन्याय के खिलाफ सशक्त होने का संदेश दे रही थी लेकिन दूसरी तरफ वो भी समाज की आंखों में खटकने भी लगी थी। यौवनावस्था प्रारम्भ होते ही लोग उसे बहला-फुसलाकर एकांत में ले जाने की फिराक में लगे रहते थे। बड़ी व छोटी बहन के विवाह कर अपने ससुराल चले जाने से वह बिलकुल अकेली हो गयी थी। ऐसे उसे इस बात का भी डर सताता रहता था कि उसकी सुरक्षा के लिए उसके साथ पति का भी साया नहीं है। भाई शिवनारायण भी इतना छोटा था कि किसी प्रकार के सुरक्षा की उससे आशा नहीं किया जा सकता। सरपंच के बेटे द्वारा उसके घर में घुसकर किए गए बलात्कार ने कल्पना के भय को वास्तविकता में बदल दिया। इस बलात्कार ने फूलन में बदला लेने की भावना को जन्म दिया। इस कार्य हेतु उसके अंदर उम्मीद जागी फूल सिंह द्वारा जो खुद नजदीक के गाँव का मुखिया था, साथ ही फूलन के साथ अन्याय करनेवाले सरपंच के साथ पुरानी शत्रुता भी थी। अगले दिन ही उसने 20-25 घोड़ों पर सवार लोगों को सरपंच के घर पर धावा बोलने भेजा। उन 25 घुड़सवारों ने सरपंच की पत्नी को गाँव के बीच में अपमानित करते हुए गाँव के गरीब स्त्रियों से दुबारा ऐसा नहीं होने की चेतावनी दी। इस अपमान का बदला लेने की लिए सरपंच ने पंचायत बुलाकर फूलन का विवाह अपने बूढ़े विधुर नौकर से करवाने का आदेश दिया। इससे बचने के लिए फूलन को मजबूरन अपना पैतृक गाँव छोड़कर रुकमिणी के पास शरण लेना पड़ा। जहां उसे अपने जीजा रामपाल से पता चलता है कि सरपंच व मायादीन उसे डकैत के रूप में आरोपित किया है। पुलिस द्वारा पिता को गिरफ्तार कर लिए जाने की बात सुनकर फूलन अपने गाँव लौटती है। जहां नाविकों के सहयोग से उसे गिरफ्तार करवा दिया जाता है। मायादीन के घर डकैती करने की झूठी बात को मनवाने के लिए पुलिसवालों जेल में काफी बेरहमी से फूलन व उसके पिता को हर तरह से प्रताड़ित किया। उसके पिता के सामने ही उसके साड़ी, ब्लाउज व पेटीकोट को फाड़कर पूर्णतः नग्न कर दिया। “दुबारा गाँव में कदम नहीं रखना ! मायादीन के घर जाने की हिम्मत मत करना ! सरपंच को अपमानित करने की हिम्मत नहीं करना, जेल में तुम्हारे साथ क्या हुआ किसी को यदि बताया भी तो फांसी पर लटका दूंगा। तुम्हारे घर जला दूंगा” जैसे मौखिक स्वीकारोक्ति के बाद पुलिसवालों ने उसके कपड़े लौटा दिये। इस दौरान की यातनाएँ देखकर इस तरह वो भयभीत हो गयी कि जेल से छूटते ही लगातार रोते हुए अपनी माँ से कहती है “मुझे क्यों इस दुनिया में लायी माँ, मुझे मार दिया होता”। डकैती का यह झूठा आरोप, अपमान फूलन देवी के जीवन का मोड़ साबित हुआ। बदले की भावना उसके घर कर गयी। यहाँ से एक तथाकथित डकैत, एक वास्तविक डकैत के रूप में स्थापित हुआ।   

इस प्रकार हम देखते हैं कि फूलन देवी के अंदर बचपन से ही एक स्त्री होने के बावजूद उसमें मर्दाने गुण भी थे जिससे वो अपने इज्जत को बचाने में काफी हद तक कामयाब हुई। मजबूत इच्छा-शक्ति, दृढ़निश्चयी होने के बावजूद सरपंच के लड़के द्वारा उसके बलात्कार किए जाने से इस तरह क्षुब्ध हो जाती है कि कोई मदद नहीं मिलने की अवस्था में आत्महत्या करने की भी सोचने लगती है। जेल में भी जब पुलिस द्वारा उसे नग्न कर दिया जाता है तो भी उसके मन में आत्महत्या का विचार आता है। उपर्युक्त विश्लेषण के आधार पर कहा जा सकता है कि पितृसत्तात्मक व सामंती समाज से संघर्ष का आगाज कर तत्कालीन समाज के दलित, गरीब, कमजोर तबके को अन्याय के खिलाफ एकजुट होने का संदेश तो दिया लेकिन कई गतिविधियां ऐसी भी हैं जो उसके स्त्री चिंतक होने पर प्रश्नचिन्ह भी लगाती है। जैसे पड़ोसी गाँव के ठाकुर फूल सिंह के आदमियों द्वारा सरपंच की पत्नी की साड़ी उतारे जाने की बात सुनकर खुश होना।



[1] क्यूनी, मेरी थेरेस, पॉल, रामबली, “आई फूलन देवी : द ऑटोबायोग्राफ़ि ऑफ इंडियाज बेंडिट क्वीन” स्फेयर प्रकाशन, लंदन, 2014 पृष्ठ सं. 187

[2]वही , पृष्ठ सं. 496

[3]http://www.kaieteurnewsonline.com/2011/03/09/time-magazine-names-janet-jagan-among-%E2%80%9Chistory%E2%80%99s-most-rebellious-women%E2%80%9D/

[4] सिंह, सत्नाम ,”फूलन देवी सचित्र जीवन” सम्यक प्रकाशन, नई दिल्ली, 2012 पृष्ठ सं. 6

[5]क्यूनी, मेरी थेरेस, पॉल, रामबली, “आई फूलन देवी : द ऑटोबायोग्राफ़ि ऑफ इंडियाज बेंडिट क्वीन” स्फेयर प्रकाशन, लंदन, 2014, पृष्ठ सं. 05

[6]वही, पृष्ठ सं. 37

[7]वही, पृष्ठ सं. 61

[8] वही, पृष्ठ सं. 12

[9] वही, पृष्ठ सं. 13

[10] वही, पृष्ठ सं. 19

[11] वही, पृष्ठ सं. 81

[12] वही, पृष्ठ सं. 25

[13] वही, पृष्ठ सं. 101 

[14] वही, पृष्ठ सं. 172

[15]वही, पृष्ठ सं. 60

[16] वही , पृष्ठ सं – 115

[17] वही , पृष्ठ सं –110,115

[18] वही, पृष्ठ सं. 126

[19] वही , पृष्ठ सं. – 144

[20] वही, पृष्ठ सं. 151

[21] वही, पृष्ठ सं 154